फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: पथरदेवा के अफगान का यूएई अंडर-15 फुटबॉल टीम में चयन

Sun, 14 Jun 2026 12:04 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देवरिया
विज्ञापन
विज्ञापन
बघौचघाट। पथरदेवा ब्लॉक की ग्राम पंचायत के हरहंगपुर के रहने वाले अफगान खान ने अपनी प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाया है। अफगान का चयन संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की अंडर-15 फुटबॉल टीम में हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
विज्ञापन

कम उम्र में ही फुटबॉल के प्रति लगन के बल पर अफगान ने यह मुकाम हासिल किया है। वर्तमान में वह अबू धाबी के 321 स्पोर्ट्स स्टेडियम हाइड्रा में आयोजित विभिन्न फुटबॉल प्रतियोगिताओं में अल श्वमेख क्लब की ओर से खेल रहे हैं। अपनी तेज गति, बेहतरीन खेल कौशल और टीम भावना के कारण वह कोचों और खेल विशेषज्ञों का ध्यान आकर्षित करने में सफल रहे हैं।

हाल ही में आयोजित अंडर-15 फुटबॉल प्रतियोगिता में अल श्वमेख क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रेजियोनल फुटबॉल क्लब को पराजित किया। इस मुकाबले में अफगान खान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और खेल के प्रति अनुशासन ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें यूएई की अंडर-15 टीम में स्थान मिला।
विज्ञापन

अफगान यूएई में क्लास 10वीं का छात्र है। अपने माता-पिता के साथ बचपन से वहीं रहता है। अफगान ने बताया कि वह जिस क्लब से खेलता है, वहीं पर फुटबॉल अंडर 15 का ट्रायल कैंप लगा था। उसने भी ट्रायल दिया और उसका चयन हो गया। 30 बच्चों के कैंप में से 16 लोगों का चयन हुआ, जिसमें उसका भी नाम था। वह टीम के लिए फॉरवर्ड खेलता है। अफगान के पिता मोहम्मद तहा खान दुबई की एक प्रतिष्ठित आईटी कंपनी में टेक्निकल मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। परिवार वर्तमान में दुबई में रहता है, जहां अफगान को बेहतर खेल प्रशिक्षण और सुविधाएं प्राप्त हो रही हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि अफगान खान की उपलब्धि क्षेत्र के अन्य बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। सीमित संसाधनों वाले ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि होती है। उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा और मेहनत के बल पर कोई भी युवा वैश्विक मंच तक पहुंच सकता है।

अफगान खान के चयन की खबर मिलते ही गांव में खुशी का माहौल बन गया। अशरफ अली खान, वसीम अहमद, मोहम्मद फतेह, हकीमुद्दीन सिद्दीकी, असरार अहमद, पंकज गुप्ता, इमाम हसन, आजाद अंसारी सहित अनेक गणमान्य लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अफगान ने पूरे क्षेत्र का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि अफगान खान आने वाले समय में और बेहतर प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल जगत में नई ऊंचाइयों को छुएंगे तथा अपने गांव, जनपद और देश का नाम रोशन करते रहेंगे। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के खेल प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा की मिसाल बन गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें