रहज में अधर में पड़ा निर्माणाधीन मोहन सेतु
बरहज। सरयू नदी पर निर्माणाधीन मोहन सेतु के अधूरे हिस्से को पूरा करने की उम्मीद बढ़ गई है। पुल निर्माण के लिए 155 करोड़ रुपये के संशोधित बजट को व्यय-वित्तीय समिति से मंजूरी मिल गई है। अब शासनादेश जारी होने का इंतजार है। सबकुछ ठीक रहा तो जनवरी 2027 में निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
नगर के सरयू तट पर पूर्व सांसद दिवंगत मोहन सिंह की स्मृति में वर्ष 2013 में पुल का शिलान्यास हुआ था। इसे 2017 तक पूरा करने का लक्ष्य था। इस बीच वर्ष 2014 से नदी के दक्षिणी छोर पर कटान शुरू होने से पाट चौड़ा होता चला गया। पुल का एप्रोच बनने वाले स्थान से नदी की धारा आगे खिसक गई। इससे परियोजना अधर में लटक गई। 39 पिलर वाले पुल का निर्माण संशोधित एस्टीमेट के आधार पर शुरू कराया गया, लेकिन बजट की कमी से काम रुक गया।
इंजीनियर जुल्फिकार अली के नेतृत्व में आईआईटी रुड़की की टीम ने मॉडल स्टडी कर कटान रोकने और मजबूत एप्रोच बनाने का सुझाव दिया था। इसके आधार पर 155 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया। योजना के तहत सेतु निगम 38 करोड़ रुपये से 10 पिलर के कुआं, डेक और बीम का निर्माण कराएगा। वहीं, पीडब्ल्यूडी 117 करोड़ रुपये से परसियां-विशुनपुर देवार की तरफ कटानरोधी कार्य और एप्रोच मार्ग बनवाएगा।
...
2014 से कटान के कारण बदली नदी की धारा
सरयू नदी के दक्षिणी छोर पर लगातार कटान से पुल के आखिरी पिलर से नदी करीब 300 मीटर दूर चली गई है। समस्या के समाधान के लिए आईआईटी रुड़की के विशेषज्ञों से तकनीकी अध्ययन कराया गया था। टीम ने कटानरोधी कार्य के साथ मजबूत एप्रोच बनाने की सिफारिश की थी।
...
कोट-
मोहन सेतु पुल निर्माण के लिए व्यय-वित्तीय समिति से अनुमोदन मिल गया है। शासनादेश जारी और धन अवमुक्त होने पर कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
-बिजेंद्र सिंह डीजीएम, सेतु निगम