भाटपार रानी। सिवान से गोरखपुर 55041 अप और गोरखपुर से सिवान तक चलने वाली 05542 डाउन लोकल ट्रेन पिछले कई महीनों से बंद है। इस ट्रेन के बंद हो जाने से क्षेत्र के सैकड़ों यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों ने रेल प्रशासन से इस ट्रेन को अपने पूर्व की भांति निर्धारित समय से चलाने की मांग की है। पिछले कई महीनों से लोकल दोनों ट्रेनें बंद कर दी गई है। भाटपार रानी बनकटा मैरवा स्टेशनों से सैकड़ों यात्री सुबह इस ट्रेन से देवरिया और गोरखपुर जाते हैं। यह ट्रेन सुबह 6:30 बजे भाटपार रानी आती है जो 9:00 बजे गोरखपुर पहुंचा देती है।
लोगों का कहना है कि सुबह 6:00 के बाद दोपहर 2:00 बजे तक कोई ट्रेन नहीं है। सुबह 8:00 बजे छपरा-नौतनवा इंटरसिटी ट्रेन आती है। लोकल ट्रेन के बंद हो जाने से स्टेशन पर इतनी भीड़ होती है कि महिलाएं और बच्चे सहित दर्जनों यात्री प्रतिदिन भाटपार रानी, बनकटा स्टेशनों पर ट्रेन नहीं पकड़ पा रहे हैं। उन्हें देवरिया और गोरखपुर जाने के लिए काफी कठिनाई होती है।
नगर के दीपक जायसवाल, संजय जायसवाल, राजेश गुप्ता, सभासद चंदन मद्धेशिया, अशोक गुप्ता ने बताया कि लोकल ट्रेन के बंद हो जाने से व्यापारियों, छात्रों बीमार लोगों और दैनिक रेल यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने रेल प्रशासन से इस ट्रेन को पुन: चलाने की मांग की है अन्यथा इसके विरुद्ध आंदोलन करेंगे जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी रेल प्रशासन की होगी।