भटनी। रेलवे प्रशासन ने 15018 गोरखपुर–लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस के यात्रियों की सुविधा को देखते हुए 55102 मऊ–छपरा कचहरी सवारी गाड़ी के ठहराव समय में आंशिक बदलाव किया है।
यह परिवर्तन पांच मार्च 2026 से लागू कर दिया गया है। लिंक सवारी गाड़ी के समय परिवर्तन से यात्रियों को गोरखपुर -लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस से मुम्बई जाने व आने में सहूलियत मिलेगी। साथ ही होली त्योहार के बाद मुम्बई जाने वाले यात्रियों को कुछ राहत मिलेगी।
गोरखपुर, देवरिया और कुशीनगर जिले से लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस से बड़ी संख्या में यात्री मुंबई की यात्रा करते हैं। पहले इस ट्रेन को बिहार व जिले के विभिन्न हिस्सों से आने वाले यात्री भटनी रेलवे स्टेशन पर मऊ-छपरा पैसेंजर ट्रेन से आकर पकड़ लेते थे, लेकिन अब एक ही समय हो जाने से अक्सर यह ट्रेन छूट जाती है। ऐसे में यात्रियों की मांग पर रेल प्रशासन ने मऊ-भटनी-छपरा पैसेंजर ट्रेन में आंशिक बदलाव किया है।
नए समय के अनुसार 55102 मऊ–छपरा कचहरी सवारी गाड़ी मऊ जंक्शन से सुबह 5.00 बजे प्रस्थान करेगी और निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए भटनी स्टेशन से सुबह 7.25 बजे रवाना होगी। इसके बाद नोनापार से 7.33 बजे, भाटपार रानी से 7.43 बजे, बनकटा से 7.53 बजे, मैरवा से 8.02 बजे, करछुई से 8.08 बजे, जीरादेई से 8.14 बजे तथा सीवान से सुबह 8.30 बजे प्रस्थान करेगी। वाराणसी जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि समय परिवर्तन से गोरखपुर–लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस के यात्रियों को आगे की यात्रा में सुविधा मिलेगी।