- प्रत्येक विकास खंड से एक-एक ग्राम पंचायत के कार्ययोजना का प्रस्तुतिकरण कल
- डीपीआरओ के समक्ष ग्राम प्रधान, सचिव व खंड प्रेरक ने बनाई गई कार्य योजना का किया प्रस्तुतिकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। इस वित्तीय वर्ष 2024-25 में जिले की शेष पंचायतों को भी मॉडल पंचायत का दर्जा मिल जाएगा। इसके लिए पंचायतों का शीघ्र चयन हो गया है। उससे पहले प्रत्येक विकास खंड से एक-एक ग्राम पंचायत का कार्य योजना का प्रस्तुतिकरण कराया जाएगा। 25 अप्रैल को होने वाले प्रस्तुतिकरण से पूर्व ग्राम प्रधान, सचिव व खंड प्रेरक ने डीपीआरओ के समक्ष बनाई गई कार्ययोजना को प्रस्तुत किया।
वित्तीय वर्ष 24-25 में जिले की अवशेष बची ग्राम पंचायतों को मॉडल बनाने के लिए चयन किया गया है। इसके लिए प्रत्येक विकास खंड से एक ग्राम पंचायत का कार्य योजना का प्रस्तुतिकरण 25 अप्रैल को कराया जाना सुनिश्चित है। इसको ध्यान में रखते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी सर्वेश कुमार पांडेय के समक्ष मॉडल ग्राम पंचायतों द्वारा बनाई गई कार्य योजना का प्रस्तुतिकरण ग्राम प्रधान, सचिव व खंड प्रेरक द्वारा किया गया। इस दौरान सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी श्रवण कुमार चौरसिया, जिला समन्वयक एसएलडब्ल्यूएम अजय सिंह, राजेश मणि, योजना सहायक संदीप सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर नर्वेदश्वर वर्मा, आलोक पांडेय के साथ-साथ समस्त कंसल्टिंग इंजीनियर मौजूद रहे।
स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत कराए जाएंगे कार्य
स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत कार्य कराए जाएंगे। सभी प्रकार का कूड़ा एक जगह एकत्र करने के बाद उसका निस्तारण किया जाएगा। नालियां के ऊपर से गंदा पानी न बहने पाए। इसके लिए उसमें फिल्टर चैंबर बनाएं जाएंगे, जिससे उनमें कूड़ा इकट्ठा हो और गंदा पानी बह जाए। कूड़े को निकाल कर एक जगह इकट्ठा किया जाएगा, जिससे गांव साफ, सुथरा रहे। गंदगी जनित बीमारियां न होने पाएं।