त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव : देवरिया में 26 अप्रैल को सुबह सात से शाम छह बजे तक डाले जाएंगे वोट
देवरिया। जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) आशुतोष निरंजन ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के लिए जारी अधिसूचना के तहत जनपद के समस्त ग्राम पंचायतों के प्रधानों, ग्राम पंचायत सदस्यों एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों और जिला पंचायत सदस्यों के निर्वाचन प्रक्रिया की समय-सारिणी के निर्गत कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि प्रत्याशियों के नामांकन के लिए तिथि 13 एवं 15 अप्रैल को प्रात: आठ से सायं पांच बजे तक निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 16 से 17 अप्रैल तक प्रात: आठ बजे से कार्य की समाप्त तक किया जाएगा। उम्मीदवारी वापसी 18 अप्रैल को प्रात: आठ से अपराह्न तीन बजे तक लिया जा सकेगा। इसी दिन प्रतीक आवंटन अपराह्न तीन बजे से कार्य की समाप्त तक होगा। मतदान 26 अप्रैल दिन सोमवार को प्रात: सात से शाम छह बजे तक होगा। मतगणना दो मई, को सुबह आठ बजे से कार्य की समाप्ति तक चलेगी।
डीएम ने बताया है कि ग्राम पंचायतों के प्रधानों, सदस्यों, क्षेत्र पंचायतों के सदस्यों एवं जिला पंचायत सदस्यों के स्थानों/पदों पर निर्वाचन के लिए प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र का पूर्ण विवरण देते हुए नामित निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) 27 मार्च को इसकी सूचना अपने स्तर से निर्गत करेंगे। सभी निर्वाचन अधिकारी व बीडीओ आमजन की जानकारी के लिए कार्यक्रम को प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रवार आरक्षण विवरण के साथ संबंधित ग्राम पंचायतों में मुनादी कराएंगे तथा इसकी सूचना सार्वजनिक जानकारी के लिए संबंधित ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत, तहसील कार्यालय के सूचनापट पर प्रदर्शित कराएंगे। उन्होंने बताया कि प्रधान ग्राम पंचायत, सदस्य ग्राम पंचायत व सदस्य क्षेत्र पंचायत पदों की निर्वाचन प्रक्रिया संबंधित क्षेत्र पंचायत के मुख्यालय पर और मतगणना व निर्वाचन परिणाम की घोषणा संबंधित क्षेत्र पंचायत के निर्धारित मतगणना केंद्र पर की जाएगी। सदस्य जिला पंचायत के नामांकन पत्रों का विक्रय, नामांकन पत्रों को दाखिल करने, उनकी संवीक्षा, उम्मीदवारी वापस लेने तथा चुनाव चिह्न आवंटन का कार्य कलेक्ट्रेट स्थित न्यायालय, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) के कक्ष में होगा तथा मतों की गणना विकास खंड के अंतर्गत निर्धारित मतगणना स्थल पर की जाएगी। परिणाम की घोषणा कलेक्ट्रेट स्थित न्यायालय, अपर जिलाधिकारी(प्रशासन), देवरिया पर की जाएगी। डीएम ने कहा है कि निर्वाचन प्रक्रिया के उपर्युक्त समय-सारिणी के मध्य पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश दिवसों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे और निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कार्यवाही की जाएगी। निर्वाचन अधिकारी की सूचना निर्गत किए जाने की तिथि 27 मार्च से नामांकन पत्रों की बिक्री की जाएगी।