फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: रात भर हुई बारिश से शहर से लेकर गांव तक जलभराव

विज्ञापन
शहर में हुआ जलभराव।
विज्ञापन
देवरिया। जिले में बीती रात से रुक-रुक कर हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारी बारिश के कारण शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक कई जगह जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई है। सड़कों पर पानी भर जाने से जहां राह चलना कठिन हो गया। वहीं कई मोहल्लों में लोगों का घरों से निकलना भी दूभर हो गया है।
विज्ञापन


शहर में मूसलाधार बारिश से ऑफिसर्स काॅलोनी, कलक्ट्रेट, लोक निर्माण विभाग के कार्यालयों में पानी भर गया। इन जगहों पर लगाए अंडरग्राउंड वेल में लगे सबमर्सिबल पंप ने बारिश पानी कुछ देर में निकाल कर बाहर कर दिया लेकिन पर मोहल्लों में हालात अलग रहे। राघव नगर, उमानगर, शिवपुरम कालोनी, कठिनईया समेत अनेक मोहल्लों की सड़कों पर पानी भरने से आवागमन मुश्किल रहा। सुबह बारिश के चलते स्कूलों में रेनी डे की स्थिति रही। बच्चे स्कूल नहीं पहुंच सके। कर्मचारियों को कार्यालय पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ा। इसके अलावा गांवों व कस्बों में भी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

भाटपार रानी प्रतिनिधि के अनुसार, नगर में तड़के चार बजे से 11 बजे तक मूसलाधार और बाद में रुक-रुक कर हुई बारिश ने नगर में करोड़ों रुपयों से बने नाले की पोल खोल दी। जल निकासी नहीं होने से सड़कों पर और मोहल्ले में गंदा पानी ओवरफ्लो करके फैल गया। कई घरों के लोगों को गंदे पानी से होकर निकलना पड़ा।
विज्ञापन


सुबह हुई मूसलाधार वर्षा से चिक टोली, बापू रोड, लाखोपार रोड, पुराना सेंट्रल बैंक और स्टार पब्लिक स्कूल के पास, बीआरसी, शिव मंदिर वार्ड, विंध्यवासिनी कॉलोनी, जलकल कॉलोनी आदि में जल निकासी और अवरुद्ध होने से जलभराव हो गया। इससे लोगों को घरों से बाहर निकलना तक दूभर हो गया। नगर के देवेश गुप्ता, संजय जयसवाल, जितेंद्र जायसवाल, अशोक गुप्ता आदि ने कहा कि नगर प्रशासन द्वारा हाल ही में आनन-फानन में कराए गए अधूरे नाला निर्माण ने भाटपार रानी के जल निकासी की पोल खोल कर रख दी है। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेमलता ने कहा है कि धन के अभाव में जगह-जगह नाला अधूरा पड़ा है। धन आते ही पूरा करा दिया जाएगा। उसके बाद जलनिकासी व्यवस्था ठीक हो जाएगी।

रामपुर कारखाना प्रतिनिधि के अनुसार, भारी बारिश से कस्बे में कई जगह जलभराव की स्थिति हो गई। कस्बे में बन रहे नाला की धीमी प्रगति ने इस समस्या को और बढ़ा दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुराने नालों से जलनिकासी की व्यवस्था अपेक्षाकृत बेहतर थी, जबकि नए निर्माण कार्यों के अधूरे रहने से समस्या बढ़ गई है। लोगों ने निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की है। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी रोहित पांडेय ने बताया कि लगातार बारिश के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है। मौसम अनुकूल होते ही नाला निर्माण का कार्य पुनः शुरू कर निर्धारित समय में पूरा कराया जाएगा।


देसही देवरिया प्रतिनिधि के अनुसार, बारिश होते ही चौराहा पर पुरैनी मार्ग पर जलभराव हो गया। इसकी वजह से लोगों का आने-जाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। क्षेत्र के पुरैनी, दुबौली, धमउर आदि गांवों के बच्चे बारिश के चलते बच्चे स्कूल नहीं गए। विजय द्विवेदी, रोशन सिंह, मनोज मिश्रा, सुमंत प्रसाद, रामविलास, अनिल तिवारी, चन्दा बरनवाल, नागेन्द्र यादव आदि स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश होते ही आनंद नगर क्षेत्र में जलभराव हो जाता है। इसकी वजह से आवागमन में दिक्कत होती है। प्रदूषण से लोगों के बीमार होने का भी भय है। इससे दुकानदारों का व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है। प्रशासन से शिकायत के बाद भी मामले का समाधान नहीं कराया जा रहा। जिम्मेदारों को इस पर ध्यान देना चाहिए।



ईओ ने किया जलभराव का निरीक्षण

रामपुर कारखाना। लगातार हो रही बारिश के बीच नगर पंचायत रामपुर कारखाना के अधिशासी अधिकारी रोहित पांडेय मंगलवार को जलभराव और जलनिकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया। बारिश के दौरान ही उन्होंने बहरामपुर मोड़, गुदरी बाजार, पन्नालाल चौराहा और मन्नूलाल चौराहा समेत विभिन्न स्थानों का दौरा कर हालात का जायजा लिया और सफाई कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ईओ ने सफाई नायक गोपाल सैनी से सफाई व्यवस्था और कर्मचारियों की तैनाती की जानकारी ली। उन्होंने नालियों की नियमित सफाई, जलनिकासी में तेजी लाने और जलभराव वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। ईओ ने कहा कि बरसात के मौसम में नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनके निरीक्षण की सूचना मिलते ही सफाई कर्मी विभिन्न वार्डों और चौराहों पर पहुंचकर सफाई एवं जलनिकासी कार्य में जुट गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें