खुखुंदू (देवरिया)। थाना क्षेत्र के करौंदी कांटा के पास शुक्रवार की दोपहर में पैदल सड़क पार करते समय राजमिस्त्री को बेकाबू बोलेरो ने रौंदते हुए सड़क किनारे खड़े मजदूर को भी टक्कर मार दी। राजमिस्त्री बोलेरो के बंफर में जा फंसा, वहीं मजदूर टक्कर के बाद बोनट पर जा गिरा। बोलेरो के साथ घिसटते हुए राजमिस्त्री करीब 100 तो मजदूर 200 मीटर आगे जाकर सड़क पर गिर गए। राजमिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई। मजदूर को मेडिकल कॉलेज देवरिया में ले जाने पर डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर देर शाम को परिजन को सौंप दिया। हादसे के बाद बोलेरो लेकर चालक भाग गया।
खुखुंदू क्षेत्र के असना गांव निवासी 48 वर्षीय रामप्यारे कुशवाहा राजमिस्त्री का काम करते थे। उनके साथ क्षेत्र के करौंदी काटा गांव निवासी 25 वर्षीय बृजेश चौहान मजदूरी का काम करता था। बताया जा रहा है कि रामप्यारे शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे घर से काम पर जाने की बात कहकर निकले और फिर बसडीला निवासी गफार के यहां चल रहे मकान निर्माण स्थल पर पहुंचे। इसके बाद वह छत का शटरिंग कराने के लिए बाइक से देवरिया-सलेमपुर फोरलेन स्थित करौंदी काटा के पास गए।
करौंदी काटा पर पहुंचने के बाद रामप्यारे ने करौंदी निवासी मजदूर बृजेश चौहान को फोन कर शटरिंग की दुकान पर बुलाया और साइड में बाइक खड़ी कर पैदल डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ जा रहे थे। इसी दौरान देवरिया की तरफ जा रही बोलेरो ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेज रफ्तार में ओवरटेक किया और रामप्यारे को रौंदते हुए आगे बढ़ी। कुछ दूरी पर सड़क किनारे खड़े बृजेश को भी बोलेरो ने टक्कर मार दी। बृजेश हवा में उछालते हुए बोनट पर जा गिरा, जबकि रामप्यारे बंफर में फंसे घसीटते रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद अनियंत्रित बोलेरो आगे जाकर रुक गई। इसके बाद चालक ने गाड़ी बैक किया तो बंफर में फंसे रामप्यारे वहीं गिर पड़े। बोलेरो चालक फिर तेजी से आगे बढ़ा और करीब 200 मीटर दूरी पर बृजेश भी बोनट से सड़क पर जा गिरा।
इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर चालक और वाहन की खोजबीन की जाएगी।