रुद्रपुर। तहसील क्षेत्र के चिलवन मोहान गांव के काश्तकारों ने सोमवार को गांव की खुली बैठक में चकबंदी का विरोध किया। चकबंदी को लेकर बुलाई गई बैठक में अधिकारियों को 125 काश्तकारों ने गांव की चकबंदी नहीं करने के लिए हस्ताक्षर युक्त विरोध पत्र दिए।
चकबंदी के एसीओ सुरेंद्रनाथ ने बताया कि यह गांव चकबंदी के लिए चयनित हुआ है। जिसके निमित्त काश्तकारों की खुली बैठक बुलाकर विचार विमर्श किया गया। जिसमें अधिकांश किसानों ने चकबंदी का विरोध किया । गांव के काश्तकार रमेश कुमार गुप्त, अरविंद चौरसिया, इंद्रजीत कुमार, महेंद्र कुमार, अनिल, काशीनाथ यादव आदि ने कहा कि क्षेत्रफल के हिसाब से चिलवन मोहान छोटी ग्राम सभा है। इस गांव का पहले चकबंदी हो चुका है। गांव मे छोटे-छोटे काश्तकार होने के कारण ज्यादातर लोगों ने अपने खेत में मकान बनवा लिया है। यह ग्राम सभा रुद्रपुर नगर पंचायत से सटी है। भविष्य में नगर पंचायत का विस्तार होने पर ग्राम सभा नगर पंचायत में मर्ज हो जाएगी। ऐसे में ग्राम सभा का दोबारा चकबंदी करना उचित नहीं है। गांव के लोगों ने चकबंदी का विरोध करते हुए जिला चकबंदी अधिकारी से लेकर चकबंदी आयुक्त और मुख्यमंत्री पोर्टल पर आवेदन किया है। गांव के 99 प्रतिशत काश्तकार चकबंदी नहीं करना चाहते हैं। इस संबंध में चकबंदी अधिकारी सुरेंद्रनाथ ने कहा कि खुली बैठक में आई जन भावनाओं से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। गांव के तमाम काश्तकारों ने चकबंदी का लिखित विरोध किया है।