तरकुलवा। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के तहत ग्राम पंचायतों में स्थापित पानी की टंकियों के संचालन एवं रखरखाव में लगे पंप के ऑपरेटरों को पिछले चार माह से वेतन नहीं मिला है। वेतन न मिलने से ऑपरेटर परेशान हैं। वेतन के अभाव में ऑपरेटरों की दिवाली का त्योहार फीकी रही। ऑपरेटरों को छठ महापर्व मनाने की चिंता सता रही है।
विकास खंड अंतर्गत ग्राम मठिया रत्ती, सोनहुला रामनगर, नारायणपुर, सिसवा, बालपुर श्रीनगर आदि गांवों में आदि गांवों में बेट वर्क लिमिटेड कंपनी द्वारा पानी की टंकियां स्थापित की गई हैं। टंकियों के रखरखाव के लिए कंपनी ने 5000 रुपये प्रति माह मानदेय पर ऑपरेटरों की तैनाती की गई है। आरोप है कि ऑपरेटरों को पिछले चार महीने से मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है। जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ऑपरेटरों का कहना है कि उनसे चौबीस घंटे की ड्यूटी कराई जाती है और इसके एवज में महज पांच हजार रुपये प्रति माह मानदेय दिया जाता है। वह भी मानदेय कभी समय से नहीं मिलता है, जिससे न तो उनके बच्चों की फीस जमा हो पाती है और न ही उनके घरों में त्योहार ठीक से मनाए जाते हैं।
कंपनी के जेई श्रवण कुमार ने बताया कि कुछ लोगों का पेमेंट रुका था, जिसका एप्रूवल दिया है। जल्द ही सभी ऑपरेटरों के मानदेय का भुगतान हो जाएगा।