फीस बढ़ोत्तरी के विरोध में सूर्या एकेडमी के बाहर प्रदर्शन करते अभिभावक।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। प्राइवेट स्कूलों की मनमानी फीस वसूली के खिलाफ अभिभावक मुखर होने लगे हैं। सूर्या एकेडमी हाईस्कूल के खिलाफ शनिवार को अभिभावकों ने मोर्चा खोल दिया। प्रदर्शन कर डीएम को ज्ञापन सौंपा। चेतावनी दी कि सूर्या एकेडमी प्रशासन ने मनमानी बंद नहीं किया तो आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। विद्यालय परिसर में चल रहे फैक्ट्री का मुद्दा भी उठाया गया।
कहा कि इससे बच्चों के स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। डीएम को दिए गए ज्ञापन में अभिभावक शैलेंद्र बरनवाल, उमेश चंद्र बरनवाल, रोशन जमाल, धर्मवीर यादव और महताब के हस्ताक्षर हैं। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि सूर्या एकेडमी में बच्चों की फीस और कॉपी-किताब के नाम पर अवैध रूप से धनउगाही की जा रही है। अभिभावकों का कहा कि इस मामले को लेकर जब वह लोग प्रधानाचार्य से मिलने गए तो उन्होंने कहा कि फीस कम नहीं होगी।
मुख्यमंत्री से शिकायत करने की बात कहने पर प्रधानाचार्य ने कहा कि चाहे जहां शिकायत करो, हमारे स्कूल पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। अभिभावकों ने आरोप लगाया कि कॉपी-किताब का स्टॉल विद्यालय परिसर में लगा रखा गया है। ड्रेस भी विद्यालय से खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है। जूते-मोजे के लिए दुकान का नाम बताया जा रहा है। गुडलक पार्टी और एन्यूअल फंक्शन के नाम पर भी वसूली की जा रही है। विद्यालय परिसर में एक फैक्ट्री चल रही है। इससे बच्चों के विकास पर बुरा प्रभाव पड़ सकता है।
विद्यालय की प्रधानाचार्य मोनिका अरोरा का कहना है कि फीस में अधिक बढ़ोत्तरी नहीं की गई है। उनके विद्यालय में डिजिटल कक्षाएं चलती हैं। ऐसे में खर्च अधिक है। इस हिसाब से भी बच्चों से फीस काफी कम ली जा रही है। विद्यालय परिसर में फैक्ट्री चलने के संबंध में पूछने पर उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर से 200 मीटर की दूरी पर फैक्ट्री है। कुछ लोग गलत आरोप लगा रहे हैं।