ट्रक और बोलेरो की चपेट से युवक की मौत, पांच घायल
गौरीबाजार। क्षेत्र के चोरखरी ढाला के समीप बुधवार देर शाम ट्रक और बोलेरो की चपेट में आने से तीन बाइक पर सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर देख चिकित्सक ने सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई।
गौरीबाजार थाना क्षेत्र चरियांव बुजुर्ग गांव निवासी संजय कुमार (30) मजदूूरी करते थे। देर शाम काम कर वह बाइक से घर आ रहे थे। चोरखरी ढाले के पास ट्रक को ओवरटेक करते समय बोलेरो और ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास की लोगों की मदद से उन्हें सीएचसी पहुंचाया गया। वहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां पहुंचने पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जबकि अनियंत्रित बोलेरो की चपेट में आने से बाइक सवार बराती पिंटू गुप्ता (30), दीपक गुप्ता (15), संगम प्रजापति (28) निवासी ग्राम रैश्री थाना गौरी बाजार गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सक ने तीनों की हालत नाजुक देख मेडिकल कालेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया।