बाइक-पिकअप की टक्कर, एक की मौत, तीन गंभीर
देसही देवरिया (देवरिया)। रामपुर कारखाना के हरैया बसंतपुर चौराहे पर दिवाली की देर शाम पिकअप और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल तीन युवकों को जिला अस्पताल भिजवाया गया। उसमें दो की हालत नाजुक बनी हुई है।
रामपुर कारखाना के महुआडीह चौकी क्षेत्र के पहाड़पुर गांव के चार युवक एक ही बाइक से शनिवार शाम को किसी काम से क्षेत्र के रामपुर गौनरिया चौराहे पर गए थे। साढ़े छह बजे के करीब घर वापस लौटते समय हरैया बसंतपुर चौराहे के पास पहाड़पुर मोड़ पर महुआडीह की तरफ से आ रही एक पिकअप गाड़ी से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची महुआडीह चौकी पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया।
वहां चिकित्सकों ने बाइक चालक रामसूचित उर्फ गोलू (22) पुत्र मुनेब प्रसाद को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजीव (17) पुत्र हरेंद्र प्रसाद, सुदर्शन (42) की नाजुक हालत देख मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। चौथे साथी संतोष (19) पुत्र मुक्तिनाथ का इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है। उधर, लोगों ने पिकअप को पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों गाड़ियों को कब्जे में ले लिया। गोलू की मौत की खबर मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया। बेटे की मौत से पिता मुनेब प्रसाद, माता मुन्नी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक दो भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई रामसूरत बाहर हैं। तीन बहनों में सोनू, मोनू की शादी हो गई है। जबकि अन्नू की शादी नहीं हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बाइक सवार युवकों में कोई भी युवक हेलमेट नहीं लगाया था। रामसूचित हेलमेट लगाया होता और एक ही बाइक पर चार युवक नहीं बैठे होते तो शायद उसकी जान बच जाती। इस संबंध में चौकी इंचार्ज महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि एक बाइक पर चार युवक सवार थे। पिकअप गाड़ी से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें एक की मौत हो गई। तीन का इलाज चल रहा है।