रामपुर बुजुर्ग। यूपी सीमा से करीब सौ मीटर दूर स्थित बिहार के धरनीछापर चेकपोस्ट पर मैरवा पुलिस ने मंगलवार को एक कार से 432 लीटर अवैध शराब बरामद करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम नियमित जांच में जुटी थी। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से आ रही एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई तो वाहन से कुल 432 लीटर देशी और विदेशी शराब बरामद हुई। गिरफ्तार चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिला अंतर्गत हाटा थाना क्षेत्र के पडरी टोला शेखपुरा निवासी सुल्तान अली के रूप में हुई है। बता दें कि इसी मार्ग पर करीब सौ मीटर की दूरी पर यूपी का रामपुर बुजुर्ग चेकपोस्ट स्थित है। अवैध शराब रामपुर बुजुर्ग चेकपोस्ट पार करके ही धरनीछापर तक पहुंचा होगा, लेकिन यहां तैनात पुलिसकार्मियों को तस्करी की भनक नहीं लगी। इस संबंध में मैरवा एसओ राहुल कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि आरोपी उत्तर प्रदेश से शराब लेकर बिहार में प्रवेश कर रहा था। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार युवक से गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके। वहीं बनकटा एसओ दिनेश कुमार मौर्य ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है दिखवाते हैं।