बरहज। क्षेत्र के कपरवार उग्रसेन सेतु से मेहरौना बॉर्डर तक एनएच-227ए की ओर से रामजानकी मार्ग पर चौड़ीकरण कार्य कराया जा रहा है। बुधवार को कपरवार निवासी और काश्तकार गंगा प्रसाद पांडेय की शिकायत पर राजस्व टीम ने भूमि की पैमाइश की।
आरोप है कि विभाग अधिग्रहीत की गई भूमि से अधिक जमीन कब्जा कर निर्माण कार्य करा रहा है। हालांकि शिकायत के बाद से विवादित जगह पर कार्य रोक दिया गया है। कपरवार गांव निवासी गंगा प्रसाद पांडेय की रामजानकी मार्ग से सटे जमीन है। एसडीएम विपिन कुमार द्विवेदी को दिए पत्रक में उन्होंने आरोप लगाया कि एनएच-227ए की ओर से करीब पौने एक डिस्मिल जमीन अधिग्रहीत किया जाना है, लेकिन विभाग मानक के विपरीत जमीन कब्जा करते हुए निर्माण कार्य कराने की फिराक में है। शिकायत पर राजस्व की गठित टीम द्वारा पैमाइश करते हुए चिहांकन किया गया। संवाद