डीआइजी ने पुलिस लइंस में बैठक किया।
- फोटो : DEORIA
कोरोना वॉयरस की अफवाह फैलाई तो दर्ज होगा केस
कमिश्नर और डीआईजी ने गांधी सभागार में होली त्योहार को लेकर की मीटिंग
होली को शांति पूर्ण संपन्न कराने और कंट्रोल रूम बनाने के निर्देश दिए
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। होली को लेकर विकास भवन के गांधी सभागार में हुई बैठक में कमिश्नर जयंत नर्लिकर एवं डीआईजी राजेश मोडक ने मातहतों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कोरोना वॉयरस पर चर्चा करते हुए कहा कि इसको लेकर अफवाह फैलाने वालों पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
कमिश्नर ने कहा कि होली को ध्यान में रखते हुए जिला मुख्यालय पर सभी विभागों में कंट्रोल रूम बनाया जाए। प्रशासनिक एवं पुुलिस अधिकारी अपने इलाके में भ्रमणशील रहेंगे और सतर्क दृष्टि रखेंगे। आबकारी अधिकारी को निर्देशित किया गया कि त्योहार पर ड्राई डे के तहत क्षेत्र में किसी प्रकार से मदिरा की बिक्री नहीं होनी चाहिए। कोरोना वायरस को लेकर किसी प्रकार कोई अफवाह फैलाए तो उसे चिह्नित कर उस पर कठोर कार्रवाई की जाए। समस्त प्रशासनिक अधिकारी अपना-अपना क्षेत्र सुनिश्चित कर लेंगे। ताकि होलिका दहन को लेकर कोई विवाद की स्थिति न आए। शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। समस्त बीडीओ को निर्देश दिए गए कि गांवों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें। जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण तथा तय समय के अंदर निस्तारण करें। निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज की कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया गया और तेजी लाने के निर्देश दिए गए। डीआईजी राजेश मोडक ने मौजूद पुलिस अधिकारियों को से कहा कि क्षेत्र में किसी भी सूचना को नजरअंदाज न करें। तत्काल पहुंचे और प्रभावी कार्रवाई करें। जिले व प्रांत के सीमावर्ती जिले के थानेदार क्षेत्र में सघन चेकिंग करें और आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखे। इस दौरान डीएम अमित किशोर, एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र, सीडीओ शिवशरणप्पा जीएन, एडीएम प्रशासन राकेश पटेल, एडीएम वित्त एवं राजस्व उमेश कुमार मंगला, एसडीएम दिनेश मिश्र, सीएमओ डॉ. डीबी शाही, सीओ वरुण मिश्रा आदि मौजूद रहे। इसके अलावा डीआईजी ने पुलिस लाइंस का निरीक्षण किया और शहर में मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का हाल जाना।