संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा। कंचनपुर चौराहे से चाय पीकर घर जा रहे एक किसान को टेंपो ने ठोकर मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार के सदस्यों ने उनको तरकुलवा सीएचसी पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव निवासी इंद्रासन चौहान (68) पुत्र स्व. दहारी चौहान पेशे से किसान हैं। शनिवार सुबह 9 बजे करीब वह चौराहे पर चाय पीने गए थे, जहां से वह वापस घर जा रहे थे। अभी वह देशी शराब की दुकान के सामने तक पहुंचे थे, तभी उनको टेंपो ने ठोकर मार दी। इसकी सूचना जब परिजनों को मिली तो दहाड़ मार कर रोने लगे। थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने कहा कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।