फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर करें जनसमस्याओं का निस्तारण

Fri, 27 Sep 2024 08:54 PM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देवरिया
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

देवरिया। मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने बृहस्पतिवार को विकास भवन स्थित गांधी सभागार में आईजीआरएस प्रकरण, लंबित राजस्व वाद, विभिन्न योजनाओं एवं निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने जिले में सभी योजनाओं को गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने कहा कि जन समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। संबंधित अधिकारी फील्ड भ्रमण कर मौका मुआयना करें और शिकायतकर्ता से बात कर प्रकरण को समझे और नियमानुसार कार्रवाई करें। आईजीआरएस पोर्टल में दर्ज प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लिया जाए। अधिकारी अपने नीचे के कार्मिकों पर निर्भर न रहें। समीक्षा में 25 सितंबर तक 1559 आईजीआरएस प्रकरण दर्ज थे। जिले में एक भी प्रकरण डिफाल्टर नहीं पाया गया। कहा कि असंतुष्ट फीडबैक वाले प्रकरणों पर विशेष ध्यान दिया जाए। मंडलायुक्त ने राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों की समीक्षा में कहा कि तीन वर्ष से अधिक समय से लंबित मुकदमे का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। राजस्व संहिता की धारा-24, धारा-34 एवं धारा-80 में उल्लिखित समयावधि में ही लोगों को न्याय उपलब्ध कराया जाए।
विज्ञापन

मंडलायुक्त ने मेडिकल कॉलेज, स्वास्थ्य विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों में कार्यरत संविदाकर्मियों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराने का निर्देश दिया। कहा कि इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि खराब ट्रांसफॉर्मर को निर्धारित समय में बदला जाए। वर्कशाप में ट्रांसफॉर्मर के मरम्मत की क्षमतावृद्धि का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाए। साथ ही लाइन लॉस को कम करते हुए कटिया कनेक्शन वालों के खिलाफ प्रवर्तन की कार्रवाई की जाए।
उन्होंने जिले में बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सलेमपुर में निर्माणाधीन अग्निशमन केंद्र, बरवामीर छापर में निर्माणाधीन राजकीय आईटीआई, पथरदेवा में निर्माणाधीन राजकीय आईटीआई, जी प्लस 12 ट्रांजिट हॉस्टल सहित सभी परियोजना को समय से पूरा कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने मंडलायुक्त को आश्वस्त किया कि उनके निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।
विज्ञापन

इस दौरान सीडीओ प्रत्यूष पांडेय, सीएमओ डॉ. राजेश झा, एडीएम प्रशासन गौरव श्रीवास्तव, एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार राय, सीआरओ जेआर चौधरी, ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम रुद्रपुर श्रुति शर्मा, एसडीएम सदर विपिन द्विवेदी, सलेमपुर दिशा श्रीवास्तव, भाटपाररानी रत्नेश तिवारी, बरहज अंगद यादव, जिला विकास अधिकारी रविशंकर राय सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें