देवरिया। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के मद्देनजर शनिवार को जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में चिह्नित क्रिटिकल और वल्नरेबल मतदान केंद्रों का जनपद स्तरीय अधिकारियों ने निरीक्षण किया। इस दौरान बूथों पर उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल की गई।
डीएम व जिला निर्वाचन अधिकारी मधुसूदन हुल्गी, सीडीओ राजेश कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, सीआरओ चंद्रेश कुमार सिंह और एडीएम वित्त एवं राजस्व पंकज प्रकाश राठौर ने आवंटित विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों का जायजा लिया।
अधिकारियों ने मतदान केंद्रों तक पहुंचने के रास्ते, बिजली, पेयजल, रैंप, शौचालय, प्रकाश और संचार व्यवस्था की स्थिति देखी। साथ ही सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं और निर्वाचन प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की। संबंधित एसडीएम और क्षेत्राधिकारी से संवेदनशील बिंदुओं की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से भी संवाद किया।
रुद्रपुर संवाद के अनुसार, तहसील परिसर में मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट से मतदान करने की प्रक्रिया बताई जा रही है।
इस दौरान लोगों को मॉक वोट डालकर वीवीपैट की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के निर्देश पर तय केंद्रों पर मशीनों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया जा रहा है। एसडीएम राजकुमार गुप्ता ने बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट से मतदान की पूरी प्रक्रिया समझाई।
उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि मतदाताओं को सरल भाषा में प्रक्रिया बताएं और उनकी शंकाओं का समाधान करें। केंद्रों पर बताया जा रहा है कि बैलेट यूनिट से वोट कैसे डाला जाता है।