देवरिया। भाटपाररानी स्थित एक स्कूल के नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर शिक्षकों की तस्वीरों को अश्लील रूप देने आरोप लगा है। आरोप है कि अज्ञात शख्स स्कूल और शिक्षकों की तस्वीरों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई तकनीक से छेड़छाड़ कर उन्हें अश्लील बना रहा है।
इन तस्वीरों को इंस्टाग्राम पर पोस्ट करने के साथ स्टोरी में भी लगाया जा रहा है। प्रधानाचार्य की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में शनिवार को अज्ञात शख्स पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। स्कूल के प्रधानाचार्य ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि किसी अज्ञात शख्स ने स्कूल के नाम का इस्तेमाल कर इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट बना लिया है। इस अकाउंट से स्कूल और वहां कार्यरत शिक्षकों की तस्वीरें साझा की जा रही हैं।
आरोप है कि तस्वीरों को एआई तकनीक की मदद से अश्लील रूप दिया जा रहा है। इसके बाद उन्हें इंस्टाग्राम पर पोस्ट और स्टोरी के माध्यम से प्रसारित किया जा रहा है। प्रधानाचार्य के अनुसार, इस तरह की गतिविधियों से स्कूल की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है। शिक्षकों के सामाजिक सम्मान को भी ठेस पहुंच रही है।
उन्होंने फर्जी अकाउंट संचालित करने वाले की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। तहरीर के साथ पुलिस को संबंधित साक्ष्य भी उपलब्ध कराए गए हैं। मामले की जांच की जिम्मेदारी निरीक्षक अनिल कुमार को सौंपी गई है। सीओ साइबर क्राइम गौरव सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।