सलेमपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के अंतर्गत पिवकोल-सलेमपुर-लार रोड तक सिग्नल व पैचिंग का कार्य अब अंतिम चरण में है। बुधवार को रेल ट्रैक परीक्षण के बाद डबल लाइन चालू हो जाएगी। इस खंड के दोहरीकरण के बाद गोरखपुर से वाराणसी के बीच चलने वाली ट्रेनों को भटनी जंक्शन से लार रोड स्टेशन के बीच कहीं क्रॉसिंग के चलते ट्रेनों को नहीं रोकना पड़ेगा। गोरखपुर से वाराणसी के बीच मुख्य रेल लाइन सिंगल होने की वजह से न तो ट्रेनों की औसत स्पीड बढ़ पा रही थी, न ही नई ट्रेन चलाने की मंजूरी मिल रही थी। जबकि यह रूट प्रयागराज के जरिए मध्य भारत को भी पूर्वांचल से जोड़ता है।
दोहरी लाइन बनने से इस मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा। लाइन क्षमता बढ़ने से भविष्य में यात्रियों की मांग के अनुसार अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन भी संभव हो सकेगा।
इस रेल खंड पर भटनी से पिवकोल रेलवे स्टेशन तक 5.25 किमी तक दोहरीकरण का काम पिछले साल पूरा हो गया था।
इसके बाद पिवकोल से सलेमपुर होते हुए लार रोड तक दोहरीकरण का कार्य मंगलवार शाम तक पूरा हो गया। सोमवार को इस नए ट्रैक पर विद्युतिकरण कार्य का निरीक्षण भी हो गया। इसके बाद बुधवार को नए ट्रैक की क्षमता व सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया जाना है।
रेल विकास निगम लिमिटेड के सीनियर साइड इंजीनियर नित्यानंद ने बताया कि सभी कार्य पूरा कर लिया गया है। निरीक्षण के बाद शाम को इस ट्रैक पर आवागमन बहाल हो जाएगा।
उम्मीद है कि इस रूट पर 26 तारीख से गोरखपुर-वाराणसी पैसेंजर और बरहजिया पैसेंजर समेत सभी ट्रेनों अपने पूर्व निर्धारित समय से चलने लगेंगी।