देवरिया। खतौनी की प्रमाणित प्रति प्राप्त करने की प्रक्रिया को अब पूर्णतः ऑनलाइन कर दिया गया है।
मुख्य राजस्व अधिकारी वीके सिंह ने बताया कि ई-गवर्नेंस एवं डिजिटल इंडिया की संकल्पना के अनुरूप अब भूमिधर एवं आमजन घर बैठे ऑनलाइन खतौनी की प्रमाणित प्रति प्राप्त कर सकेंगे।
मुख्य राजस्व अधिकारी बताया कि राजस्व परिषद द्वारा संचालित भूलेख पोर्टल पर पहले से ही खतौनी की प्रति ऑनलाइन एवं रियल टाइम उपलब्ध कराई जा रही थी।
अब नई व्यवस्था लागू होने के बाद आवेदक किसी भी समय एवं किसी भी स्थान से ऑनलाइन शुल्क का भुगतान कर खतौनी की प्रमाणित प्रति डाउनलोड कर सकेंगे।
इस व्यवस्था के लागू होने से तहसीलों में अनावश्यक भीड़ एवं जनदबाव कम होगा।
साथ ही भूमिधरों के समय, श्रम एवं संसाधनों की भी बचत होगी। यह सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।