जलकल परिसर में खड़े कूड़ा इकट्ठा करने वाला इलेक्टि्रक रिक्शा, फोटो संवाद
देवरिया। नगर पालिका परिषद ने स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत नगर क्षेत्र में ई-रिक्शा के माध्यम से डोर-टू-डोर कूड़ा कचरा संग्रह करने का निर्णय लिया है।
इसके तहत बुधवार को नगर पालिका अध्यक्ष ने ई-रिक्शा कूड़ा गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पर्यावरण की रक्षा होगी। साथ ही जीवाश्म ईंधन की बचत होगी।
अध्यक्ष अलका सिंह ने बताया कि नगर क्षेत्र के सभी वार्डों में यह सेवा चरणबद्ध रूप से संचालित की जाएगी। इसके अंतर्गत प्रत्येक घर से प्रतिदिन गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग संग्रहित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा के उपयोग से जहां एक ओर प्रदूषण में कमी आएगी, वहीं दूसरी ओर स्वच्छता व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने नागरिकों से अपील किया कि वे कचरे का पृथक्करण कर निर्धारित समय पर कचरा वाहन को दें तथा नगर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें। संवाद