देवरिया। सीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में सोमवार को डेटा वैलिडेशन कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएमओ ने एचएमआईएस पोर्टल पर डेटा अपलोड में कमी पाए जाने पर संबंधित प्रभारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय पर और सटीक डेटा फीडिंग से स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी, योजना और रिपोर्टिंग मजबूत होती है, विशेषकर परिवार नियोजन सेवाओं में जहां अद्यतन डेटा अत्यंत आवश्यक है। इससे कम प्रदर्शन करने वाली सुविधाओं की पहचान कर सुधार किया जा सकेगा।
सीएमओ ने इम्यूनाइजेशन, बीसीजी टीका, पेंटा, एमआर, ड्रॉप आउट, आरआई एंटीजन कवरेज, एचएमआईएस पोर्टल, इंस्टीट्यूशनल डिलीवरी और दवाओं की उपलब्धता जैसे बिंदुओं पर अधिकारियों से विस्तृत फीडबैक लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि वर्तमान में चल रहे टीका उत्सव को पर्व की तरह मनाने की योजना बनाई जाए। समुदाय के प्रभावशाली लोगों के सहयोग से टीकाकरण से इंकार करने वाले परिवारों को जागरूक किया जाए। इस अभियान में सीएचओ, एएनएम, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने को कहा गया। सीएमओ ने बताया कि आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र की छूटे हुए बच्चों की विशेष सूची तैयार करें। सत्र से एक दिन पूर्व बुलावा पर्ची भेजी जाए और सत्र स्थल पर लाकर सभी छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।