मेडिकल कॉलेज में पार्किंग की व्यवस्था नहीं
बेतरतीब खड़ी गाड़ियों के कारण वाहन से मरीज लेकर पहुंचने में होती है दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मेडिकल कॉलेज परिसर में वाहन पार्किंग की व्यवस्था न होने से लोगों को दिक्कत हो रही है। बेतरतीब खड़े वाहनों से तीमारदारों को वाहन पार्क करने में परेशानी होती है। लोग सड़क पर ही इधर-उधर गाड़ी खड़ी कर देते हैं। इससे गुजरने वालों को मुश्किल होती है। वहीं, गाड़ियों के रास्ते में खड़ा होने से वाहन से मरीज लेकर पहुंचने में दिक्कत होती है। इस समस्या से चिकित्सकों को भी दो-चार होना पड़ता है।
महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में सुबह से लेकर दोपहर बाद तक परिसर में वाहन बेतरतीब खड़े रहते हैं। यहां शहर तथा जनपद के दूर-दराज क्षेत्रों के साथ ही बिहार प्रांत के सीमावर्ती गांवों के औसतन बारह सौ से अधिक लोग इलाज कराने पहुंचे हैं। उनके साथ तीमारदार भी रहते हैं। इससे अस्पताल में भीड़ रहती है। अधिकतर लोग दोपहिया व कुछ चार पहिया से आते हैं, लेकिन अस्पताल में पार्किंग का निश्चित स्थान न होने से लोग जहां खाली जगह मिली, वहीं गाड़ी खड़ी कर देते हैं। नए भवन के पास वाहनों के खड़ा होने से आने-जाने में दिक्कत होती है।
इमरजेंसी के बगल में खाली स्थान पर लोग बाइक खड़ी करते हैं। यह स्थान भी कम पड़ जाता है। यहां किनारे पानी का आरओ लगा है। वाहन खड़ा होने से पानी लेने के लिए वहां पहुंचने में परेशानी होती है। वहीं, अस्पताल के गेट से सटे दोनों तरफ लोग दोपहिया वाहन खड़ा कर मरीजों को लेकर अंदर चले जाते हैं। गेट के सामने पार्क की चहारदीवारी से सट कर चारपहिया व दोपहिया वाहन खड़े रहते हैं। इससे वाहन से मरीज लेकर पहुंचने पर दिक्कत होती है। वहीं, स्ट्रेचर व व्हीलचेयर पर जांच व वार्ड में मरीज को ले जाने में मशक्कत करती पड़ती है।
अस्पताल गेट के पूरब टीबी क्लीनिक, ब्लड बैंक, एनआरसी के सामने तक लोग वाहन आड़े-तिरछे पार्क करते हैं। ई रिक्शा चालक भी रहते हैं। सड़क पर वाहन खड़ा होने से चारपहिया वाहन गुजरने में दिक्कत होती है। इससे जाम लगा रहता है।
चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों को होती है समस्या
देवरिया। अस्पताल परिसर में वाहनों के बेतरतीब खड़ा होने से चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को भी समस्या होती है। उन्हें वाहन खड़ा करने में परेशानी होती है। मजबूरी में अधिकतर चिकित्सक नर्सेज हॉस्टल के पास वाहन पार्क करते हैं।
सड़क पर एंबुलेंस खड़ी होने से होती है दिक्कत
देवरिया। अस्पताल परिसर में एंबुलेंस चालक जगह-जगह वाहन खड़ा कर देते हैं। इमरजेंसी के अलावा गेट के समीप पार्क किनारे तथा जिला महिला अस्पताल जाने वाले मार्ग पर ही एंबुलेंस खड़ी कर देते हैं। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
कोट
अस्पताल में पार्किंग के लिए कुछ खाली स्थान हैं, जहां लोग वाहन खड़ा करते हैं। लोगों को अपनी गाड़ियों को ठीक से खड़ा करना चाहिए, ताकि किसी को दिक्कत न हो। पार्किंग के लिए योजना बनाई जा रही है। शीघ्र समस्या का समाधान हो जाएगा।
-डॉ. एचके मिश्रा, प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक