नोडल अधिकारी के निरीक्षण में पयासी गांव में उजागर हुईं खामियां
अपर सचिव राजन शुक्ला ने गांव में विकास कार्यों का लिया जायजा
बीडीओ को दी हिदायत, जलनिगम के अधिशासी अभियंता की लापरवाही पर मांगी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। ब्लॉक के पयासी गांव का शनिवार को नोडल अधिकारी/अपर मुख्य सचिव राजन शुक्ला ने निरीक्षण किया। उन्होंने पानी की टंकी, सरकारी ट्यूबवेल, अस्पताल कैंपस, आरओ प्लांट व निर्माणाधीन पुल, सड़क आदि को देखा। इस दौरान कई खामियां उजागर हुईं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इसे दुरुस्त कर लेने का आदेश दिया।
अपराह्न तीन बजे नोडल अधिकारी सबसे पहले गांव के प्राथमिक विद्यालय पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले गांव की जनसंख्या के बारे में जानकारी ली। लेकिन बीडीओ व सेक्रेटरी को इस संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं होने पर बीडीओ को हिदायत दी। यहां के अस्पताल में किस डॉक्टर की तैनाती है और डॉक्टर आते हैं कि नहीं इनकी जानकारी गांव के लोगों से ली। ग्रामीणों ने डॉक्टर के नहीं आने की बात कही। इसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने शासन को इसकी रिपोर्ट भेजने को कहा। उन्होंने गांव के विभिन्न हिस्सों में जाकर विकास कार्यों को देखा और लापरवाही मिलने पर संबंधित लोगों को इसे सुधारने को कहा। उन्होंने कहा कि अगले निरीक्षण तक खामियों को दुरुस्त नहीं किया गया तो कार्रवाई की जाएगी। वहीं, भटनी के थानेदार से पयासी गांव के कितने मुकदमे पेंडिंग हैं, इसके बारे में जानकारी ली। उन्होंने भाटपाररानी सीओ पंचमलाल से विवेचनाओं को जल्द निपटाने को कहा। निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी ने कोटेदार के काम को लेकर तारीफ की।लापरवाही पर सलेमपुर नलकूप विभाग के एक्सईएन, सलेमपुर ईओ और जल निगम के जेई को को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिए। गांव के न्यू पीएचसी पर तैनात ड्यूटी से लापता डॉक्टर और कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम अमित किशोर, सीडीओ शिवशरणप्पा जीएन, डीपीआरओ, डीडीओ, एसीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह, सीएचसी प्रभारी डॉ. अतुल कुमार, एसडीएम ओमप्रकाश, सीओ वरुण कुमार मिश्र, बीडीओ, ग्राम पंचायत अधिकारी अजीत यादव, दीनानाथ प्रजापति आदि मौजूद रहे।
दो चिकित्सकों की हुई तैनाती
अपर मुख्य सचिव के आदेश पर पीएचसी पर दो डॉक्टरों की तैनाती कर दी गई। इसमें आयुष चिकित्सक डॉ. उमेश पांडेय सोमवार, बुधवार व शुक्रवार तथा डॉ. असद खां, मंगलवार, बृहस्पतिवार व शनिवार को यहां मरीजों की देखेंगे।