मदनपुर। कस्बा स्थित साधन सहकारी समिति पर इस बार गेहूं की खरीद नहीं होने से क्षेत्र के 30 गांव के किसानों की मुसीबतें बढ़ गई हैं। गेहूं की फसल को बेचने के लिए किसान अब 15 से 20 किलोमीटर दूर साधन सहकारी समितियों पर गेहूं बेचने के लिए बोरी के लिए चक्कर लगा रहे हैं।
टड़वा स्थित साधन सहकारी समिति पर मदनपुर कस्बा के अलावा केवटलिया, गनियारी, बरांव, जमिरा, मनिहरपुर, गायघाट, सोनबह, रामपुर, देवकली जयराम, हेमराज, कोरवा आदि गांव के किसान गेहूं बेचते हैं।
किसान खेत से गेहूं लेकर सीधे समितियों पर पहुंचते हैं। मदनपुर साधन सहकारी समिति को इस बार क्रय केंद्र नहीं बनाया गया है। ऐसे में इन गांव के किसानों को रुद्रपुर और कपरवारघाट तक गेहूं बेचने जाना पड़ सकता है।
समिति के अध्यक्ष कामिल शेख, राम मनोहर यादव ने समिति के सदस्यों की बैठक कर गेहूं खरीद का प्रस्ताव भेजा है, लेकिन अब तक उच्चाधिकारियों द्वारा क्रय केंद्र नहीं बनाया गया।
किसान दानिश अली, नितिन राव, सदानंद सिंह, संतराज, द्विग्विजयनाथ आदि ने कहा कि मदनपुर में खरीद केंद्र नहीं बनाए जाने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है।
किसानों का कहना है यदि केंद्र चालू नहीं हुआ तो 20 किलोमीटर की दूरी बढ़ जाएगी। इससे धन और समय दोनों बर्बाद होगा। किसानों ने मदनपुर में क्रय केंद्र बनाने की मांग की है।
इस संबंध में सहायक निबंधक कोऑपरेटिव रणविजय सिंह ने कहा कि समिति का प्रस्ताव मिला है। किसानों की समस्या दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।