देसही देवरिया। खजूरिया शाखा (बड़ी नहर) में अब तक पानी आया ही नहीं है। इससे किसान परेशानी का सामना कर रहे हैं। विभाग इसकी कोई सुध नहीं ले रहा। किसानों ने शीघ्र नहर में पानी उपलब्ध कराने की मांग की है। सरकार किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा देकर उनके माथे के पसीने को पोछ कर खुशहाली लाने की चाहे जितना दावा कर ले, मगर जमीनी सच्चाई इससे इतर है। कुशीनगर जिले से आने वाली खजूरिया शाखा से कई छोटी नहरे और माइनर निकले हुए हैं।
इस रजवाहा से सैकड़ों गांवों के किसान खेतों की सिंचाई पूरी तरह निर्भर रहते हैं, मगर अब तक नहर में पानी नहीं आया है। किसान जय प्रकाश, हरेंद्र सिंह, कुबेर, तुलसी, बंशी, बनारसी, शिवपूजन, रामविलास, बीगन आदि ने नहर में पानी शीघ्र पानी छोड़ने की मांग की है। विभाग के अवर अभियंता रवि प्रताप सिंह ने कहा कि खजूरिया शाखा में झुलनीपुर से पानी आता है। इस शाखा में 28 मई को पानी आया। खड्डा के पास एकडंगवा में क्रास रेगुलेटर टूट गया।
इसकी वजह से झुलनीपुर से सप्लाई बंद कराकर रेगुलेटर मरम्मत का कार्य चल रहा है। अब कार्य पूरा हो गया है। मंगलवार को वहां से पानी छोड़ा जाएगा।