संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। शिक्षक आकाश प्रताप सिंह की मौत के मामले में पांच दिन बाद भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, लेकिन उसमें कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई। खुखुंदू थाना क्षेत्र के परसिया अभिलाष गांव निवासी आकाश प्रताप सिंह शिक्षक थे। मंगलवार की शाम वह सारनाथ जाने की बात कह ट्रेन पकड़ने भटनी रेलवे स्टेशन के लिए घर से निकले।
बुधवार सुबह चांदपार गांव के पास सड़क के किनारे उनका शव मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट लगने से मौत होने की पुष्टि हुई।
सिर में चोट कैसे लगी पुलिस इसकी जांच कर रही है।
पुलिस ने पीड़ित परिवार का बयान दर्ज किया, लेकिन परिजनों ने ब्रह्मभोज कार्यक्रम संपन्न होने के बाद औपचारिक तहरीर देने की बात कही है।
इधर, पुलिस लगातार चांद पार चौराहे पर स्थित दुकानदारों और घटना स्थल के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि कोई सुराग हाथ लग सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की एक विशेष टीम सुराग जुटाने में लगी है। सूत्रों का कहना है कि मोबाइल और अन्य साक्ष्य के गायब होने से जांच में पेच फंस गया है। हालांकि अधिकारी दावा कर रहे हैं कि जल्द ही रहस्य से पर्दा उठेगा। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों में पुलिस की धीमी कार्यशैली को लेकर असंतोष भी देखने को मिल रहा है।
लोगों का कहना है कि अगर समय रहते जांच आगे नहीं बढ़ी तो घटना के पीछे की सच्चाई दब सकती है। वहीं परिजन न्याय मिलने की उम्मीद में पुलिस की ओर टकटकी लगाए हैं।
क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी आदित्य कुमार ने बताया कि पुलिस घटना के बाद से ही मामले की जांच कर रही है। शिक्षक परिवार से जुड़े पुराने विवाद व अन्य पर काम चल रहा है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।