बस स्टेशन न होने से आड़े-तिरछे खड़ी होती हैं बसें, लगता है जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। ब्रिटिश हुकूमत के समय की सबसे पुरानी बाजार बरहज से रुद्रपुर और लार के लिए परिवहन निगम की बस सेवाएं नहीं हैं। इससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। मजबूरी में प्राइवेट साधन का सहारा लेने पर जेब ढीली करनी पड़ती है। वहीं बस स्टेशन न होने से आड़े-तिरछी खड़ी बसों के कारण जाम के झाम से लोगों को दो-चार होना पड़ता है।
नगरपालिका गौरा-बरहज की आबादी करीब 50-55 हजार है। जनपद मुख्यालय से होकर आने वाली परिवहन निगम की बसें यहां से बड़हलगंज, आजमगढ़, वाराणसी, मऊ और बिहार आदि जगहों के लिए जाती हैं। लोगों का कहना है कि आजादी के बाद से आज तक बरहज से रुद्रपुर-गौरीबाजार-गोरखपुर और लार के रास्ते बिहार आदि जगहों के लिए बस का कोई इंतजाम नहीं है। लोगों का यह भी कहना है कि समुचित प्रबंध न होने से मनमाना किराया देकर प्राइवेट साधनों का सहारा लेना पड़ता है, जबकि बस स्टेशन का आज तक कोई प्रबंध नहीं किया जा सका है। एसडीएम विपिन कुमार द्विवेदी ने बताया कि बसों के संचलन को लेकर विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। रही बात बस स्टेशन की पता कराता हूं।