जलमार्ग से शराब की नहीं होगी तस्करी, स्पेशल टीम गठित
लार (देवरिया)। जलमार्ग से अवैध हरियाणा निर्मित शराब की खेप अब बिहार नहीं जा पाएगी। इसके लिए डीआईजी रेंज गोरखपुर के निर्देश पर लार पुलिस ने स्पेशल टीम गठित की है। यह टीम सीमावर्ती इलाकों की घाटों पर शराब तस्करों पर नजर रखेगी। रात में अलग-अलग घाटों पर टीम तैनात रहेगी।
बिहार में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर हरियाणा निर्मित शराब की मांग बढ़ गई है। तस्कर नाव के सहारे जलमार्ग से शराब की खेप रात में बिहार पहुंचा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक तटवर्तीय इलाके के कुछ सफेदपोश भी इस धंधे में शामिल हैं। बिहार चुनाव के मद्देनजर डीआईजी गोरखपुर राजेश डी. मोदक ने वीडियो कॉफ्रेंसिंग के जरिये बिहार के अधिकारियों के साथ बैठक की।
इसके बाद देवरिया के एसपी श्रीपति मिश्रा को सीमावर्ती इलाकों में स्पेशल पुलिस टीम बनाकर शराब तस्करी रोकने के निर्देश दिए। कप्तान के निर्देश पर लार में टीम गठित की जा रही है। यह टीम नाव से सहारे नदियों में गश्त करेगी। उधर, बिहार में चुनाव की तिथि घोषित होने पर मेहरौना चौकी पर तैनात पुलिस कर्मी सख्ती बरत रहे हैं। बिहार में जाने वालों की सघन चेकिंग की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक टीजे सिंह ने बताया कि टीम गठित की जा रही है। शराब की तस्करी नहीं होने दी जाएगी।