रामपुर बुजुर्ग। रामपुर बुजुर्ग से बिहार प्रांत के गोपालगंज जिले के मझौली चौक तक निर्माणाधीन सड़क के कारण तीन महीने तक बड़े वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। सड़क निर्माण कार्य में तेजी के लिए गोपालगंज जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। लगातार बड़े वाहनों के आवागमन से सड़क निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा था।
गोपालगंज के डीएम विवेक रंजन मैत्रेय के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों को बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
निर्माण एजेंसी को प्रमुख स्थानों पर संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि चालकों को वैकल्पिक मार्ग की जानकारी मिल सके। बड़े वाहनों के आवागमन पर रोक दौरान बिहार के सिवान जाने वाले बड़े वाहनों को सलेमपुर से गुठनी होते हुए मैरवा धाम के रास्ते सिवान जाना होगा।
दूसरा वैकल्पिक मार्ग रामपुर बुजुर्ग-रतसिया-प्रतापपुर-बांका मोड़ होकर सिवान के लिए है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए गुठनी मोड़, मझौली चौक, कैथवली मोड़ तथा धरनी छापर-नवका टोला रेलवे ढाला पर बैरिकेडिंग की जाएगी।