बनकटा (देवरिया)। क्षेत्र के जगनचक गांव में स्व. नरसिंह खेलावन दूबे की पुण्यस्मृति में कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कुश्ती में वाराणसी के रामनारायण, छोटेलाल, अंकित, पप्पू, गाजीपुर के बाबा महंगू दास, हिमांशु, जेपी, राजवीर, उपेंद्र और गोरखपुर के अंकित, बहादुर यादव, कृष्णा, लाला एवं हेमंत के अलावा क्षेत्रीय पहलवानों ने भी अपना दमखम दिखाया। महामुकाबले में अयोध्या हनुमानगढ़ी के बाबा निर्दोष दास ने दो राउंड का मुकाबला जीतकर पहला स्थान हासिल किया। वहीं दूसरे स्थान पर नेपाल के वसंत थापा और तीसरे स्थान पर पारस थापा रहे।
इसके पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीशचंद्र तिवारी एवं अंतरराष्ट्रीय पहलवान केशव सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मुकाबले का शुभारंभ किया गया। इस दौरान विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय विधायक सभाकुंवर कुशवाहा, डॉ. ओमप्रकाश दूबे, ब्लॉक प्रमुख बिंदा कुशवाहा, अमित सिंह, जयप्रकाश दूबे, भाजपा नेता अश्वनी सिंह, अमित दूबे आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।