सलेमपुर। 132 केवीए बिजली घर शत्रुघ्नपुर का सीटी अचानक ब्लॉस्ट हो गया। इससे सलेमपुर और भाटपाररानी तहसील के नौ विद्युत उपकेंद्रों की आपूर्ति गुरुवार की रात ठप रही। इससे करीब तीन लाख से अधिक आबादी को गर्मी में दुश्वारियां झेलनी पड़ी।
इससे नाराज लोगों ने भटनी उपकेंद्र पर हंगामा कर दिया और विरोध करने पर एसएसओ की पिटाई कर दी। सलेमपुर 132 केवीए बिजलीघर से खुखुंदू, भटनी, गजहड़वा, भाटपाररानी, भिंगारी, सलेमपुर, लार, कुंडौली और सतरांव विद्युत उपकेंद्र की बिजली की सप्लाई होती है।
रात को अचानक शत्रुघ्नपुर फीडर का सीटी ब्लॉस्ट हो गया। इसकी वजह से पूरी रात बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। बिजली के इंतजार में नगर की सड़कों पर आधी रात तक लोग टहलते हुए नजर आए। वहीं भटनी उपकेंद्र पर आधी रात को पहुंचे सवरेजी गांव के लोगों ने बिजली कर्मचारियों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे।
ड्यूटी पर तैनात एसएसओ रामसकल शर्मा ने इसका विरोध किया तो लोगों ने इसकी पिटाई कर दी और जेई दीपक मिश्र को भी मोबाइल पर बदसलूकी की। जेई ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस बाबत 132 केवीए बिजलीघर के जेई अनिरुद्ध कुशवाहा ने बताया कि शत्रुघ्नपुर बिजली घर का सीटी ब्लॉस्ट होने से पूरी रात आपूर्ति ठप थी।