रुद्रपुर। लक्ष्मीपुर स्थित एसडी इंटर कॉलेज के खेल मैदान में सोमवार को नौ दिवसीय रुद्रपुर खेल महोत्सव का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन क्रिकेट मुकाबले में नकइल की टीम ने सराव को 12 रन से हराकर जीत दर्ज की।
जेपी निषाद सोशल एवं एजुकेशनल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव का उद्घाटन पूर्व मंत्री एवं विधायक जयप्रकाश निषाद ने किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित मंच और संसाधन उपलब्ध कराने की है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर देते हैं।
आयोजन समिति के अध्यक्ष विश्व विजय निषाद ने बताया कि नौ दिनों तक चलने वाले महोत्सव में करीब 2601 खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। क्रिकेट के अलावा कबड्डी, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स और मैराथन दौड़ सहित कई स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।
क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए आकर्षक पुरस्कारों की घोषणा की गई है। विजेता टीम को 1.51 लाख रुपये और उपविजेता को 71 हजार रुपये की नकद धनराशि दी जाएगी। फाइनल में पहुंचने वाली दोनों टीमों के प्रत्येक खिलाड़ी को एक-एक साइकिल मिलेगी। वहीं, प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले मैन ऑफ द सीरीज खिलाड़ी को स्कूटी देकर सम्मानित किया जाएगा।