देवरिया/भटनी। शीतलहर और कोहरे के चलते ट्रेनों की लेटलतीफी बढ़ गई है। सोमवार को नई दिल्ली से आने वाली नई दिल्ली-बरौनी क्लोन एक्सप्रेस 14 घंटे देर से पहुंची।
वहीं वैशाली एक्सप्रेस 5.30 घंटे की देर से देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर पहुंची। पांच अन्य ट्रेनें खराब मौसम के चलते निरस्त रही, जबकि 15 गाडि़यां कई घंटे की देर से देवरिया व भटनी रेलवे स्टेशनों से होकर गईं। ट्रेनों के लेटलतीफी से दोनों स्टेशनों पर यात्री परेशान रहे। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे से ट्रेनों की रफ्तार पर गहरा असर पड़ा है। नई दिल्ली, पंजाब, मुंबई और गुजरात से आने वाली ट्रेनें लगातार लेट से चल रही हैं।
मौसम का मिजाज बदलने के चलते सोमवार को हावड़ा-काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस, गोरखपुर-धनबाद स्पेशल गाड़ी, चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस, पाटलिपुत्र-लखनऊ पाटलिपुत्र एक्सप्रेस और पूर्णिया कैंट-अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस निरस्त रही। वही नई दिल्ली-बरौनी क्लोन एक्सप्रेस चौदह 14 घंटे देर से देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर पहुंची।
इसके अलावा नई दिल्ली-ललितग्राम वैशाली एक्सप्रेस पांच घंटे, मुंबई-आजमगढ़ एक्सप्रेस चार घंटे, मुंबई एलटीटी-गोरखपुर काशी एक्सप्रेस दो घंटे, वाराणसी सिटी-गोरखपुर कैंट इंटरसिटी एक्सप्रेस दो घंटे, गोमतीनगर-कामाख्या स्पेशल डेढ़ घंटे, अमृतसर-जयनगर शहीद एक्सप्रेस दो घंटे, अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस ढाई घंटे, न्यू जलपाईगुड़ी-उदयपुर सिटी डेढ़ घंटे, बरौनी-नई दिल्ली क्लोन एक्सप्रेस नौ घंटे की देर से देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पहुंची।
इस दौरान देवरिया और भटनी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे अमित कुमार दीक्षित, नवल किशोर मिश्र, ज्ञान प्रकाश तिवारी, ईश्वर यादव, ललित चंद्र यादव आदि लोगों ने बताया कि कड़ाके की ठंड में ट्रेन का इंतजार बहुत मुश्किल साबित हो रहा है।
भटनी रेलवे स्टेशन के अधीक्षक मनोज पांडेय ने बताया कि कोहरे के चलते यात्री सुरक्षा को लेकर ट्रेनों की रफ्तार कम की गई है। इससे ट्रेनों की लेटलतीफी बढ़ी है। मौसम सामान्य होने पर ट्रेनें निर्धारित समय पर आएंगी।