लार रोड। क्षेत्र के धरमेर खेल मैदान में आयोजित नव युवक मंगल द्वारा संचालित राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मंगलवार को नेपाल से आई टीम ने मुबारकपुर को 1-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बना लिया। बेहतरीन खेल देख दर्शक रोमांचित हो उठे। खेल का मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
मुख्य अतिथि इसारू ग्राम पंचायत के प्रधान सुनील पांडेय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ कराया। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। खेल के 30वें मिनट में नेपाल की टीम के जर्सी नम्बर 8 खिलाड़ी महेश थापा ने शानदार गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।
मध्यांतर के बाद मुकाबला और रोमांचक हो गया। मुबारकपुर की मोबिन स्पोर्टिंग क्लब और नेपाल की टीम सेवन क्लब के खिलाड़ियों के बीच कई बार गोल बनाने के अवसर बने लेकिन नेपाल की रक्षा पंक्ति मजबूत रही। अंत तक मुबारकपुर की टीम बराबरी का गोल नहीं कर सकी और नेपाल ने 1-0 से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
निर्णायक के रूप में नूरदीन अहमद ने मुख्य भूमिका निभाई, जबकि नसीद अंसारी और अजीत कन्नौजिया ने साइड लाइन रेफरी की जिम्मेदारी संभाली। इस अवसर पर रामचन्द्र गुप्ता, मार्कण्डेय मल्ल, हैदर अली आदि उपस्थित रहे।