संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा। महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना ग्रामीण बेरोजगारों को रोजगार देने में पथरदेवा ब्लॉक में फेल हो रहा है। ग्राम पंचायतों में ज्यादा से ज्यादा मानव दिवस का सृजन कर श्रमिकों को रोजगार देने की शासन की मंशा पर अधिकारी व कर्मचारी पानी फेर रहे हैं।
जुलाई माह का आधा से अधिक समय बीतने के बाद भी पांच ग्राम पंचायतें एक भी मानव दिवस सृजित नहीं कर सकी हैं। कुछ ग्राम पंचायतें लक्ष्य से काफी दूर हैं। बीडीओ दीपक कुमार ने पंचायत सेक्रेटरी, तकनीकी सहायक और रोजगार सेवकों को फटकार लगाते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी है। पाथरदेव ब्लॉक के नवागत बीडीओ दीपक कुमार ने शुक्रवार को ब्लॉक सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। इसमें वित्तीय वर्ष 2025-26 में विकास खंड की ग्राम पंचायत कौलाचक, कुर्मीपट्टी, महुअवा खुर्द, महुअवा बुजुर्ग और देवघाट में मानव दिवस का सृजन शून्य पाया गया।
सुंदरपुर, विंदवलिया, सखनी और सकतुई में महज एक से डेढ़ हजार ही मानव सृजित हुए हैं। यह लक्ष्य से काफी कम हैं। इसके चलते मनरेगा मजदूरों को नियमित रोजगार नहीं मिल पाया है। समीक्षा के दौरान यह भी सामने आया कि ब्लॉक के 69 ग्राम पंचायतों में नौ लाभार्थियों के आवास पूर्ण नहीं हुए हैं। बीडीओ ने पंचायत अधिकारियों को आवास पूर्ण कराने के निर्देश दिए।