सपा नेता अभिजीत यादव पर लगा रासुका
देवरिया। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में कलेक्ट्रेट गेट 26 जून को नामांकन के दौरान एसपी और भाटपाररानी सपा विधायक के बीच हुई धक्का-मुक्की के मामले में गिरफ्तार सपा नेता अभिजीत यादव को रासुका में पाबंद किया गया है। इनके अलावा दो और सपा नेताओं पर रासुका की कार्रवाई हो सकती है।
जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में सपा ने शैलजा यादव को और भाजपा ने गिरीश तिवारी को अपना प्रत्याशी बनाया है। शनिवार को नामांकन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट गेट पर न केवल हंगामा किया बल्कि, एसपी के साथ धक्का-मुक्की भी की थी। विधायक को धकेलते हुए पुलिसकर्मी सड़क तक ले गए। उधर, कार्यकर्त्ताओं को लाठी लेकर दौड़ा लिया। पुलिस लाठीचार्ज में पूर्व विधायक गजाला लारी, साहू राठौर महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन गुप्ता, श्याम बहादुर भारती, अशोक यादव, अभिजीत यादव, संतोष, पंकज चौरसिया आदि को चोटें आई थीं। पुलिस ने इस मामले में पूर्व विधायक गजाला लारी, पीडी तिवारी, सपा जिलाध्यक्ष दिलीप यादव, अभिजीत यादव, रमाशंकर यादव आदि सहित 100-150 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर अभिजीत यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस मामले में पुलिस की रिपोर्ट पर डीएम ने रासुका में अभिजीत यादव को पाबंद किया है।
कोट:
नामांकन के दौरान कुछ लोगों ने हंगामा, मारपीट एवं राहगीरों पर हमला कर उपद्रव किया था। इस मामले में अभिजीत यादव को रासुका में पाबंद किया गया है। -आशुतोष निरंजन, डीएम