सोशल मीडिया पर पार्टी विशेष का समर्थन करने वाला शिक्षक निलंबित
देवरिया। सोशल मीडिया पर पार्टी विशेष का समर्थन करने पर एक परिषदीय शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। बीएसए की इस कार्रवाई को राजनीतिक चश्मे से भी देखा जा रहा है। निलंबित शिक्षक सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष का भतीजा बताए जा रहे हैं। हालांकि बेसिक कार्यालय इससे इन्कार कर रहा है।
बीएसए संतोष कुमार राय ने मंगलवार की शाम को बताया कि पकहां निवासी प्रभु गिरी ने शिकायत की थी कि सदर क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय सरैया में तैनात सहायक अध्यापक संजय कुमार यादव सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी विशेष की राजनीतिक गतिविधियों में संलिप्त हैं। उनके द्वारा अवांछनीय पोस्ट डाली गई है। जो किसी भी दशा में उचित नहीं है। शिक्षक समाज का आईना होता है और ऐसे कृत्य की अपेक्षा नहीं की जाती। शिकायतकर्ता के आरोपों की पुष्टि के बाद अध्यापक सेवा नियमावली के तहत अनुशासनहीनता के आरोप उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। साथ ही प्रकरण की जांच के लिए देवरिया सदर के बीईओ विनोद त्रिपाठी को नियुक्त किया गया है। उधर शिक्षक के निलंबन को मौजूदा जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है। इसे लेकर चर्चा का बाजार भी गर्म हो गया है।