देवरिया। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत रविवार को आयोजित विशेष अभियान दिवस पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों और बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता पंजीकरण अभियान की प्रगति जानी और पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सदर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों के अलावा भलुअनी क्षेत्र के बूथ संख्या 56 कुइयां और बूथ संख्या 80 सिंहपुर का निरीक्षण किया। इसके साथ ही बरहज विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 187 और बूथ संख्या 181 से 184 तक की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बूथों पर तैनात बीएलओ की उपस्थिति, प्राप्त आवेदन पत्रों और अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।
उन्होंने फार्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही फार्म-7 और फार्म-8 के जरिए प्राप्त आवेदनों की स्थिति भी जानी। जिलाधिकारी ने बीएलओ को निर्देश दिया कि विशेष अभियान दिवस पर अपने निर्धारित बूथों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों से आवेदन प्राप्त करें।
उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके और आगामी एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। गांवों और संबंधित क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर पात्र युवाओं को पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण और अद्यतन करना निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण कार्य है। नाम जोड़ने, संशोधन और विलोपन से संबंधित आवेदनों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान की नियमित निगरानी करते हुए शत-प्रतिशत पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।