देवरिया। सलेमपुर मार्ग पर सोनदा चौराहे के पास 17 अक्तूबर को तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार मोनू यादव की मौत हो गई, जबकि उनका चचेरा भाई विक्रम यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। भलुअनी थाना क्षेत्र के गुद्दी चकिया निवासी विनोद यादव ने बताया कि उनका भाई मोनू विदेश में नौकरी करता था। एक महीने की छुट्टी पर घर आया था।
दोपहर करीब दो बजे दोनों भाई बाजार से लौट रहे थे। इसी दौरान एसबीआई बैंक के सामने पीछे से आई अनुबंधित बस ने बाइक में टक्कर मार दी। मोनू की मौके पर मौत हो गई। विक्रम का इलाज चल रहा है। पुलिस ने बस संख्या यूपी 52 एटी 2072 के आधार पर जांच उपनिरीक्षक विनय कुमार सिंह को सौंपी है। इंस्पेक्टर कोतवाली शशि भूषण राय ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।