खुखुंदू। कस्बे में शुक्रवार दोपहर में ड्रग इंस्पेक्टर ने पहुंच कर मेडिकल स्टोर की जांच की। इस दौरान चौराहे से लेकर थाना बाजार की अधिकांश दवा दुकानों का शटर डाउन हो गया। एक घंटे तक दवा विक्रेताओं की दुकानों का शटर गिरा रहा। डीआई के जाते ही सारी दुकानें खुल गई। हालांकि दवा विक्रेताओं का कहना है कि किसी एक दवा विक्रेता की शिकायत होने पर ड्रग इंस्पेक्टर जांच करने पहुंचे थे।
ड्रग इंस्पेक्टर राघवेंद्र सिंह के आने की सूचना मिलते ही एक-एक करके अधिकतर दवा विक्रेताओं की दुकानें बंद हो गईं। उसी में एकाध दवा विक्रेता अपनी दुकान खोले रहे। बताया जा रहा है कि ड्रग इंस्पेक्टर शुक्रवार दोपहर में किसी मेडिकल स्टोर के खिलाफ हुई शिकायत पर जांच करने पहुंचे थे। वह साढ़े बारह बजे से लेकर साढ़े एक बजे तक खुखुंदू में जमे रहे। इस दौरान दवा विक्रेताओं में हड़कंप मचा रहा। जैसे ही वह यहां से निकले फिर से दुकानें खुल गईं। दवा विक्रेता ड्रग इंस्पेक्टर के खुखुंदू में आने का अलग-अलग कयास लगा रहे हैं।