देवरिया। एटीएम से रुपये निकालने वाले ग्राहकों को निशाना बनाने वाले जालसाजों ने ठगी का नया तरीका अपनाया है। जालसाज एटीएम के रुपये निकलने वाले स्थान पर प्लेट लगा देते हैं।
इससे ग्राहक के खाते से रकम तो निकल जाती है मगर रुपये प्लेट में फंस जाते हैं। ग्राहक के वहां से हटते ही जालसाज प्लेट निकालकर फंसी रकम लेकर भाग जाते हैं।
रविवार की देर शाम सलेमपुर क्षेत्र के सोनबरसा चौराहा स्थित एसबीआई के एटीएम में भी ऐसा ही मामला सामने आया। करीब चार माह पहले इसी एटीएम मशीन में एक युवक प्लेट लगाते हुए दिखाई दिया था। उसकी गतिविधि एटीएम के अंदर लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद है। ग्राहकों ने इसकी शिकायत पुलिस और बैंक से की है।
जानकारी के मुताबिक, सोनबरसा गांव निवासी योगेश यादव के पांच हजार, पिपरा मोहन वार्ड निवासी प्रभुदयाल के 10 हजार और राकेश प्रजापति के पांच हजार रुपये एटीएम से निकाले मगर पैसा बाहर नहीं निकला। तीनों के खातों से रकम कट गई।
इसी दौरान टीचर्स कॉलोनी निवासी बृजभूषण सिंह ने एटीएम से 11 हजार रुपये निकालने की कोशिश की। उनके रुपये भी कैश निकलने वाली जगह पर लगी प्लेट में फंस गए।
आसपास के लोगों की भीड़ एटीएम मशीन पर जुट गई। इसी बीच एक युवक ने एटीएम से पैसा निकालने वाले स्थान को देखा तो पता चला कि इसमें बाहर से प्लेट जैसा दिख रहा है।
जब प्लेट को बाहर निकाला गया तो उसमें फंसे रुपये बाहर निकल आए। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। चार महीने पहले इस एटीएम के अंदर एक युवक प्लेट लगाते हुए दिखाई दिया था। इसका सीसीटीवी फुटेज सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सीसीटीवी फुटेज में एक युवक एटीएम के कैश निकलने वाले स्थान पर प्लेट लगाता हुआ दिखाई दे रहा है। प्लेट लगाने के बाद वह वहां से निकल जाता है। एटीएम में इस तरह की जालसाजी सामने आने से उपभोक्ताओं में भी चिंता है।