तरकुलवा। थाना क्षेत्र के बंजरिया बाजार स्थित एक मोबाइल की दुकान में चार्ज में लगा मोबाइल चोरी करने वाले युवक को दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज देखकर पकड़ लिया।
मोबाइल चोर को पकड़ने के बाद दुकानदार ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चोर को हिरासत में लेकर थाने ले जाकर कार्रवाई में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, बंजरिया बाजार के दक्षिण चौराहे पर बंजरिया-तरकुलवा मार्ग पर स्थित राजा मोबाइल की दुकान पर पड़ोस का एक दुकानदार अपना मोबाइल चार्ज में लगाया था।
कुछ देर बाद वह मोबाइल रहस्यमय तरीके से वहां से गायब हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब मोबाइल का कोई अता-पता नहीं चला तो दुकानदार ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगालने लगा। जिसमें उसने देखा कि एक युवक उस दुकान में मोबाइल रिपेयर कराने गया और उसने ही उस मोबाइल को उठा कर जेब में रख लिया।
उसकी पहचान बघौच घाट क्षेत्र के बसडीला मैनुद्दीन गांव निवासी पतरु के रूप में हुई। युवक की पहचान सुनिश्चित करने के बाद शुक्रवार सुबह दुकानदार ने आरोपी युवक को पकड़ लिया। इसकी सूचना मिलने पर मौके पर काफी भीड़ इकट्ठा हो गई। किसी ने इसकी सूचना थाने पर दे दी।
प्रभारी थानाध्यक्ष संजय चंदेल ने बताया कि मोबाइल चोरी के आरोप में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। नियमानुसार जांच कर कार्रवाई की जाएगी।