यूपी बोर्ड परीक्षा के प्रथम पाली में बुधवार को दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहे युवक को सचल दल ने पकड़ लिया। प्रश्न पत्र व उत्तर पुस्तिका जमा कराने के बाद केंद्राध्यक्ष ने युवक को पुलिस को सौंप दिया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी से शिकायत के बाद की गई है।
यूपी बोर्ड की प्रथम पाली में बुधवार सुबह हाईस्कूल अंग्रेजी की परीक्षा चल रही थी। भटनी के बापू राष्टीय इण्टरमीडिएट कॉलेज पोखरापार में एक युवक अपने दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। निरीक्षण के दौरान आंतरिक सचल दल ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम पीयूष शर्मा निवासी रायबारी घांटी बताया। वह परीक्षार्थी वीर बहादुर यादव के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। सचल दल की कार्रवाई के बाद केंद्राध्यक्ष ने युवक से प्रश्न व उत्तर पुस्तिका जमा करा ली।
केंद्र व्यवस्थापक राघवेंद्र कुमार यादव ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जांच में युवक दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते पकड़ा गया है। प्रश्न पत्र व उत्तर पुस्तिका जमा करने के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया है। एसओ श्यामानंद राय ने बताया कि दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते एक युवक को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।