सलेमपुर। मंगलवार की रात करीब 1:20 बजे मोबाइल की एक दुकान का शटर तोड़कर चोरों ने मोबाइल फोन और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। चारी की घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में चार संदिग्ध युवक कंधे पर पिट्ठू बैग टांगे और हाथ में लोहे की रॉड लिए नजर आ रहे हैं। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस उनकी पहचान में जुट गई है।
कोतवाली क्षेत्र के धरमपुर निवासी दीनदयाल वर्मा की रामप्रसाद बिस्मिल मार्ग स्थित अल्फा गली में मोबाइल की दुकान है। बुधवार की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने उन्हें दुकान का शटर टूटा देखा तो उन्हें जानकारी दी। दीनदयाल ने दुकान के भीतर जांच की तो सैमसंग कंपनी के तीन एंड्रॉयड मोबाइल, सात की-पैड मोबाइल, मोबाइल स्पेयर पार्ट्स, नेकबैंड, बड्स सहित कई अन्य सामान गायब मिले।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाला तो रात करीब 1:20 बजे चार संदिग्ध युवक दुकान के पास मंडराते दिखाई दिए।
चोरी की घटना से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। दुकानदारों का कहना है कि यदि रात में प्रभावी पुलिस गश्त होती तो चोर इतनी आसानी से वारदात को अंजाम नहीं दे पाते।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मोबाइल की दुकान में चोरी की घटना हुई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।