भाजपा से एमएलसी प्रत्याशी रतनपाल सिंह ने नामांकन किया।
- फोटो : DEORIA
एमएलसी चुनाव : भाजपा, सपा समेत सात प्रत्याशियों ने किया नामांकन
देवरिया। स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र (विधान परिषद) के लिए मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी डॉ. रतनपाल सिंह सहित सात लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर जनप्रतिनिधियों एवं प्रत्याशी समर्थकों से पट गया था।
एमएलसी चुनाव के लिए नौ अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। इसमें सांसद, विधायक, नगरपालिका एवं नगर पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, क्षेत्र पंचायत सदस्य, सभासद, ग्राम प्रधान आदि वोट डालेंगे। 24 मार्च को नामांकन वापस लिया जा सकता है। नौ अप्रैल को मतदान सुबह आठ बजे से चार बजे तक होगा। 12 अप्रैल को मतगणना होगी। विधान परिषद के चुनाव के मैदान में भाजपा, सपा सहित सात प्रत्याशी अपना-अपना भाग्य आजमाएंगे। नामांकन के अंतिम दिन भाजपा प्रत्याशी डॉ. रतनपाल सिंह ने चार सेट में नामांकन किया।
वैसे तो सपा प्रत्याशी डॉ. कफील खान सोमवार को दो सेट में नामांकन कर चुके थे, लेकिन उन्होंने दो सेट में मंगलवार को भी नामांकन किया। इनके अलावा जनता समता पार्टी के मुक्तिनाथ सिंह व राष्ट्रीय समाज दल के प्रत्याशी शिव कुमार शर्मा ने दो-दो सेट में पर्चा भरा। भारतीय कृषक दल के विनय प्रकाश श्रीवास्तव व निर्दल प्रत्याशी आफताब आलम, शैलेश कुशवाहा ने एक-एक सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। इस तरह सात प्रत्याशियों को मिलाकर 15 सेट पर्चा दाखिल किया गया है।