देवरिया सदर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक व प्रदेश प्रवक्ता शलभ मणि त्रिपाठी ने देवरिया डीएम को चिट्ठी लिखी है। ज्ञापन देकर उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन रोड पर संचालित अवैध बूचड़खाने व खुले में मीट-मांस की दुकाने चल रही हैं जिसकी वजह से आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है।
चेतावनी देते हुए कहा कि इन दुकानों को सावन त्योहार शुरू होने के पहले नहीं हटवाया तो वो सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे। कहा, ऐसी दुकानों को बंद करने के लिए पहले भी कई बार जिला प्रशासन से कहा गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद भी कई बार निर्देर्शित कर चुके हैं कि खुले में मांस नही बिकेगा, बेचने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
साफ कहा कि अगर श्रावण मास( सावन) शुरू होने से पहले यह दुकान बंद नहीं हुई तो वह स्वयं जनता के साथ दुकानों को बंद कराने के लिए उतरेंगे और इस दौरान कोई अप्रिय घटना होगी तो इसकी जवाबदेही जिला प्रशासन की होगी।
इस चिट्ठी की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश, मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन, प्रमुख सचिव, मंडलायुक्त, पुलिस अधीक्षक देवरिया को भी भेजी गई है। अपर जिलाधिकारी प्रशासन गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि जगह की तलाश की जा रही है, जैसे ही जगह मिलेगी, इन्हें शिफ्ट करवा दिया जाएगा।