जाएं तो जाएं कहां, जिधर जाएं उधर ही सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे
देवरिया। रामपुर कारखाना के विधायक कमलेश शुक्ल का एक वायस सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें विधायक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगा रहे है कि लाहिलपार-करौदी मार्ग में दो-दो फुट गड्ढे हो गए हैं। यह तो एक बानगी भर है। जिले में जिधर देखिए उधर ही सड़कों पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। पिछले दिनों विकास भवन में हुई दिशा की बैठक में जिले के सांसद, विधायक सहित अन्य लोगों ने भी खराब सड़कों का ही मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
मुख्यमंत्री के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग में विधायक कमलेश शुक्ला ने कहा कि लाहिलपार-करौदी पर गड्ढोें के अलावा गोरयाघाट से कचंनपुर की चार-पांच किमी सड़क को भी अभी ठीक नहीं किया गया। सीएम ने कहा कि आप लिखकर दे दीजिए, स्थानीय स्तर पर जो भी दिक्क्त होगी दूर की जाएगा।
लाहिलपार-करौदी मार्ग : जान हथेली पर रखकर चलिए
बिहार को जोड़ने वाली लाहिलपार-करौदी सड़क बरसात में गड्ढों में तब्दील हो गई है। आए दिन राहगीर दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। सड़क की बदहाली को लेकर स्थानीय लोगों ने कई बार धरना प्रदर्शन किया। ज्ञापन सौंपे, लेकिन सड़क निर्माण तो दूर जिम्मेदार गड्ढों में गिट्टी तक नहीं डाल रहे।
लाहिलपार से करौंदी तक 12.100 किलोमीटर सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क का निर्माण 2017 में पूरा हुआ। इस पर ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने 499.81 लाख रुपये खर्च किए। सड़क बनने के एक साल बाद ही उखड़ने लगी। लाहिलपार से करौदी मार्ग तक सड़क पूरी तरह से टूट चुकी है। बरसात में गड्ढों में पानी लगने से सड़क जानलेवा होती जा रही है। भाजपा नेता दिवाकर चंद्र यादव ने मुख्यमंत्री ट्विटर सहित पीएम के पास मेल करके शिकायत करते हुए जल्द ही सड़क बनवाने की मांग की है। इस बाबत आरईडी के अधिशासी अभियंता टीएन राय ने बताया कि लाहिलपार-करौदी मार्ग पीडब्लूडी को हैंडओवर करने की प्रक्रिया चल रही है। बारिश के चलते गड्ढा भरने का कार्य प्रभावित है। जल्द ही गड्ढे भर दिए जाएंगे।